30 युवाओं को इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन और 30 युवाओं को मोबाइल रिपेयरिंग का मिलेगा 21 दिवसीय प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार की राह होगी आसान

तैयब अली चिश्ती
महराजगंज। सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), महराजगंज ने एक सराहनीय पहल की है। कमांडेंट श्री शक्ति सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत समवाय झुलनीपुर एवं पतलावा के कार्यक्षेत्र में स्थित वाइब्रेंट ग्राम धमोर मटरा के पंचायत भवन में इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन एवं मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
शनिवार, 21 नवंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी श्री नरेश कुमार जांगिड़ ने किया। इस प्रशिक्षण अभियान के तहत कुल 60 युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर उनके हुनर को निखारने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 30 युवाओं को 21 दिवसीय इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन प्रशिक्षण तथा 30 युवाओं को मोबाइल रिपेयरिंग का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में सरोटा फाउंडेशन के सचिव श्री शिवेन्द्र सिंह, ग्राम प्रधान मटरा श्री पन्ना लाल एवं ग्राम प्रधान बहुआर श्री श्याम सुंदर गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं प्रशिक्षण देने के लिए इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन प्रशिक्षक श्री अफ्ताब आलम तथा मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षक श्री दिवाकर गिरी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी शिक्षा और हुनर के महत्व से अवगत कराया। युवाओं को पूरे उत्साह, लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे अपने कौशल का उपयोग कर रोजगार हासिल करने के साथ ही स्वरोजगार की दिशा में भी कदम बढ़ा सकें।
सीमावर्ती क्षेत्र में विकास और आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती गांवों के युवाओं को रोजगारपरक तकनीकी कौशल उपलब्ध कराना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके लिए आजीविका के नए अवसर तैयार करना है। इलेक्ट्रिकल कार्य एवं मोबाइल रिपेयरिंग जैसे व्यावहारिक प्रशिक्षण से युवा अपना स्वयं का काम शुरू करने में भी सक्षम हो सकेंगे। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की यह पहल सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। इस प्रकार के नागरिक कल्याण कार्यक्रमों से स्थानीय युवाओं को नई दिशा मिलने के साथ ही गांवों में कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की भावना को भी मजबूती मिल रही है।
तैयब अली चिश्ती