November 23, 2026 6:33 am

सोनौली बॉर्डर पर एसएसबी की सतर्कता से मिली राजस्थान की लापता नाबालिग लड़की, युवक भी पकड़ा गया

 

तैयब अली चिश्ती

महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महराजगंज के जवान लगातार सतर्कता बरत रहे हैं। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 की रात व्यापार एवं पारगमन मार्ग, सोनौली के मुख्य द्वार पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जवानों ने संदिग्ध एवं डरी-सहमी अवस्था में एक नाबालिग लड़की को पकड़ा। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में पता चला कि लड़की राजस्थान की रहने वाली है और उसके परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा जांच के दौरान एसएसबी जवानों ने लड़की की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उससे पूछताछ की। आधार कार्ड की जांच में उसकी जन्मतिथि 5 जुलाई 2010 पाई गई, जिससे उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। लड़की राजस्थान के जालौर जिले के थाना बिशनगढ़ क्षेत्र के ग्राम मंडवाला की निवासी है। पूछताछ में लड़की ने बताया कि वह 13 नवंबर को अपने घर से नेपाल घूमने के लिए निकली थी। इस संबंध में उसके पिता से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि बेटी के लापता होने के बाद 14 नवंबर को थाना बिशनगढ़ में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। संबंधित थाने से संपर्क करने पर भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि हुई। लड़की ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह श्रवण कुमार नामक युवक के साथ घर से निकली थी। दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई। इसके बाद एसएसबी जवानों ने संबंधित युवक की तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान सोनौली बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध युवक मिला। लड़की द्वारा दी गई जानकारी और आधार कार्ड के सत्यापन के बाद उसकी पहचान श्रवण कुमार, पुत्र महेंद्र कुमार, निवासी ग्राम मंडवाला, थाना बिशनगढ़, जिला जालौर, राजस्थान के रूप में हुई। इसके बाद एसएसबी जवानों ने युवक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पूरे मामले की सूचना स्थानीय पुलिस चौकी सोनौली को दी गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए नाबालिग लड़की और संबंधित युवक को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की ओर से बताया गया कि नाबालिग लड़की के पिता उसे लेने के लिए राजस्थान से सोनौली रवाना हो चुके हैं।

एसएसबी की सतर्कता से खुला गुमशुदगी का मामला

भारत-नेपाल सीमा पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एसएसबी जवानों की सजगता और त्वरित कार्रवाई से राजस्थान से लापता नाबालिग लड़की का पता लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली। जवानों ने न केवल लड़की की पहचान और गुमशुदगी से जुड़ी जानकारी की पुष्टि की, बल्कि संबंधित युवक की तलाश कर उसे भी पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले किया। एसएसबी की इस कार्रवाई से सीमा पर सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी परिचय मिला।

 

Previous Post
Next Post

chishtinews786

Writer & Blogger

All Posts

Leave a Comment

Latest News

  • All Posts
  • अपराध
  • ऑटोमोबाइल
  • खेल
  • ग्रामीण
  • देश-विदेश
  • बिज़नेस
  • मनोरंजन
  • राजनीति
  • लाइफस्टाइल

You cannot copy content of this page