सैनिक विहार कॉलोनी के करीब 400 परिवार परेशान, चंदा जुटाकर सड़क ठीक कराने को मजबूर

सांसद और विधायक भी लिख चुके हैं पत्र, 250-300 मीटर सड़क व नाली निर्माण की मांग पर अब तक कार्रवाई नहीं
लखनऊ।सरोजनीनगर क्षेत्र के बिजनौर स्थित सैनिक विहार कॉलोनी में पिछले करीब तीन वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत और जनप्रतिनिधियों की ओर से पत्राचार के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से करीब 400 घरों के परिवार प्रभावित बताए जा रहे हैं।

कॉलोनी समिति की ओर से 25 मई 2026 को नगर आयुक्त, लखनऊ नगर निगम को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि बिजनौर मार्ग से सैनिक विहार कॉलोनी की ओर आने वाली सड़क पर नाली के गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है।

नाली का गंदा पानी सड़क पर भरने से सड़क टूट रही है और आवागमन में परेशानी हो रही है। समिति ने लगभग 300 मीटर सड़क और नाली का निर्माण कर उसे आगे बड़े नाले से जोड़ने की मांग की थी।

पत्र में यह भी कहा गया कि जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के साथ सामान्य दिनों में भी कॉलोनी में जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी रहती है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा बीमारी का खतरा भी बना रहता है।
सांसद ने भी नगर निगम को लिखा पत्र
मामले को लेकर लोकसभा सांसद जगदम्बिका पाल की ओर से भी नगर निगम की महापौर को पत्र भेजा गया। पत्र में सैनिक विहार कॉलोनी, सीआरपीएफ गेट नंबर-3, बिजनौर में लगभग 250 मीटर सीसी रोड एवं नाली निर्माण की आवश्यकता बताते हुए स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कराने का अनुरोध किया गया था। सांसद के पत्र में स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही कठिनाइयों का भी उल्लेख किया गया है।

विधायक ने भी कार्रवाई के लिए लिखा पत्र
इसके अलावा सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से 24 जून 2025 को नगर निगम की महापौर को पत्र भेजकर सैनिक विहार कॉलोनी में सड़क एवं संबद्ध नालियों के निर्माण की मांग की गई थी। पत्र में बिजनौर मार्ग से सीआरपीएफ गेट नंबर-3 के सामने से सैनिक विहार कॉलोनी में सीसीओ ओझा से सुनील कुमार गौड़ के घर तक लगभग 250 मीटर सड़क एवं संबद्ध नालियों के निर्माण की आवश्यकता बताई गई थी।
इसके बावजूद कॉलोनीवासियों का कहना है कि पत्रों और लगातार शिकायतों के बाद भी धरातल पर स्थायी कार्य शुरू नहीं हुआ है।

अब चंदा जुटाकर सड़क सुधार रहे कॉलोनीवासी
जलभराव और खराब सड़क से परेशान स्थानीय लोग अब अपने स्तर पर चंदा जुटाकर सड़क को दुरुस्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि नाली को बड़े नाले से जोड़ दिया जाए और प्रस्तावित सड़क व नाली का निर्माण करा दिया जाए तो वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।
कॉलोनीवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सांसद और विधायक के पत्रों तथा पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कर सड़क और नाली निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि सैकड़ों परिवारों को जलभराव और कीचड़ की समस्या से राहत मिल सके।