तीन ब्लॉकों के 18 स्वयं सहायता समूह सदस्यों को जैविक खेती और वर्मी कंपोस्ट बनाने का प्रशिक्षण
तैयब अली चिश्ती
महराजगंज। पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति, शाखा निचलौल के नेतृत्व में बुधवार को इटहिया शिव मंदिर स्थित आशीर्वाद मैरिज हॉल में शिक्षा, सुरक्षा एवं पारिवारिक आजीविका कार्यक्रम के तहत स्वयं सहायता समूह के चयनित सदस्यों के लिए दो दिवसीय वर्मी कंपोस्ट प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं प्रशिक्षक छेदी प्रसाद ने रासायनिक खेती और जैविक खेती के बीच अंतर, पशुपालन तथा वर्मी कंपोस्ट की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पीपीटी और वीडियो के माध्यम से वर्मी कंपोस्ट के लाभ, इसे तैयार करने की प्रक्रिया तथा खेतों में इसके सही उपयोग की विधि समझाते हुए प्रतिभागियों का क्षमता वर्धन किया।
इस अवसर पर बाल संरक्षण अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि निचलौल, नौतनवा और मिठौरा ब्लॉक से कुल 18 सदस्य वर्मी कंपोस्ट का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी अपने घर और गांव में वर्मी कंपोस्ट तैयार कर उसका उपयोग अपने खेतों में करेंगे। साथ ही जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय किसानों को वर्मी कंपोस्ट उपलब्ध कराकर आय का अतिरिक्त साधन भी विकसित किया जा सकेगा।

सिस्टर अलविना ने कहा कि संस्था की ओर से महिलाओं को आजीविका से जोड़ने की दिशा में यह एक सराहनीय प्रयास है। इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ खेतों की मिट्टी को स्वस्थ रखने में भी मदद मिलेगी। वहीं सिस्टर जगरानी ने कहा कि जब अन्य महिलाएं इस तरह की आजीविका आधारित गतिविधियों को सफल होते देखेंगी तो वे भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित होंगी।
कार्यक्रम के अंत में आनंद कुमार ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षण में निचलौल ब्लॉक के शीतलापुर खेसरहा के टोला किशनपुर, मिठौरा ब्लॉक के बेलवा खुर्द के टोला पिपरहिया तथा नौतनवा ब्लॉक के जारा गांव के स्वयं सहायता समूह के सदस्य शामिल रहे। इस दौरान सिस्टर अलविना, सिस्टर जगरानी, सिस्टर सोनिया, श्रवण कुमार, आनंद कुमार, सुनील कुमार, मेनका सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।